Hot Posts

6/recent/ticker-posts

मौत के तांडव से झारखंड के दो गांवों में पसरा सन्नाटा, दो शादियां और तीन लाशें


चतरा/गढ़वा: झारखंड के चतरा जिले में एक शादी समारोह में कथित हर्ष फायरिंग में एक युवक की मौत हो गई। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने कहा कि इस घटना में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है और हर्ष फायरिंग में इस्तेमाल की गई पिस्तौल जब्त कर ली गई है। पुलिस ने बताया कि यह घटना बुधवार देर रात जिले के प्रतापपुर थाना क्षेत्र के बरवा कोचवा गांव में एक शादी समारोह के दौरान हुई।

हर्ष फायरिंग में दो नौजवानों की मौत


पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान अभिषेक कुमार (19) के रूप में हुई है, जिसे गर्दन और बाएं हाथ पर गोली लगी थी। अभिषेक बिहार के गया जिले के इमामगंज थाना क्षेत्र के बरडीह गांव का रहने वाला था।

दो आरोपी गिरफ्तार


आरोपियों की पहचान विक्रम कुमार (20) और सुमित कुमार (21) के रूप में हुई है। अभिषेक, विक्रम और सुमित बिहार के गया जी से बरवा कोचवा आई बारात में शामिल थे। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया। पुलिस ने बताया कि इस घटना के सिलसिले में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

शादी में गढ़वा आए यूपी के इंजीनियर की कुएं में मिली लाश


उधर गढ़वा में एक वैवाहिक समारोह में भाग लेने उत्तर प्रदेश के सोनभद्र से आए एक इंजीनियर विकास विश्वकर्मा की संदिग्ध स्थितियों में मौत हो गई। वह बुधवार की रात बारात के दौरान लापता हो गए थे। उनकी लाश गुरुवार सुबह एक कुएं में पाई गई। बताया गया कि 32 वर्षीय विकास उत्तर प्रदेश के सोनभद्र जिले के ओबरा में बिजली विभाग में जूनियर इंजीनियर के रूप में पोस्टेड थे।

छत्तीसगढ़ का रहने वाला था इंजीनियर


वह मूल रूप से छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर शहर के गांधीनगर के रहने वाले थे। वह अपने भाई के दोस्त की बारात में गढ़वा जिले के डंडई प्रखंड के महूडंड गांव आए थे। बारात इसी जिले के सिंहपुर मर्चवार गांव गई थी। स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, विकास अपने दोस्तों के साथ रात में बारात में डांस कर रहे थे। इसी दौरान वह अचानक लापता हो गए। उनके दोस्तों ने उन्हें फोन किया, पर संपर्क नहीं हो पाया। बाद में विकास के परिजनों को उनके लापता होने की जानकारी दी गई।

कुएं में कैसे हुई मौत


बंशीधरनगर पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। इसके बाद उनकी तलाश शुरू हुई। इसी बीच कुछ लोगों ने गांव के एक कुएं में एक व्यक्ति का शव देखा। शव की पहचान विकास के रूप में हुई। पुलिस ने शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बंशीधर नगर अनुमंडल के डीएसपी सत्येंद्र कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थानीय लोगों से घटना की जानकारी ली।

हादसा या हत्या, जांच शुरू


इस बात की जांच की जा रही है कि विकास किसी हादसे का शिकार हुए हैं या फिर उनकी हत्या की गई है। इस संबंध में विकास के दोस्तों और परिजनों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस के अनुसार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का पता चल सकता है।

Post a Comment

0 Comments