Hot Posts

6/recent/ticker-posts

चौपारण के प्रखंड मुख्यालय में स्वतंत्रता दिवस पर झारखंड आंदोलनकारियों का हुआ सम्मान..


चौपारण (हजारीबाग) : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रखंड मुख्यालय चौपारण में झारखंड सरकार के निर्देशानुसार विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रखंड कार्यालय परिसर में झंडोतोलन के उपरांत प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) नितीश भास्कर एवं अंचल अधिकारी (सीईओ) संजय यादव ने झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया। कुल आठ आंदोलनकारियों अथवा उनके परिजनों को प्रशस्ति पत्र और शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में कामरेड नंदकिशोर सिंह (पपरो), रामफल सिंह (चपरी कला), कुमुद कुमार सिन्हा (लोहंडी), कामेश्वर प्रजापति (बुढ़िया डाबर), शनिचर भुईयां (इंगुनिया), निजामुद्दीन अंसारी (अमरोल), स्व. गुलजार मियां की पत्नी अमाना खातून (करमा) तथा स्व. सुशील भुईयां की पत्नी (इंगुनिया) शामिल रहीं। इस अवसर पर मंचासीन अधिकारियों ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों का त्याग और संघर्ष राज्य के इतिहास का गौरवशाली अध्याय है। सम्मानित आंदोलनकारियों में प्रमुख नाम कामरेड नंदकिशोर सिंह का रहा।

उन्होंने बताया कि 1976 से वे लगातार सीपीआई के सचिव पद पर रहते हुए गरीबों और वंचितों की आवाज़ उठाते रहे। सामंतवाद के खिलाफ संघर्ष करते हुए कई बार जेल भी गए। श्री सिंह ने कहा कि झारखंड आंदोलन के दौरान उन्होंने आठ बार जेल यात्रा की, जिसमें चतरा जेल में 21 दिन, हजारीबाग जेल में छह बार और कोडरमा जेल में एक बार चार दिन कैद में रहना पड़ा। उनके नेतृत्व में सात अन्य कार्यकर्ता भी जेल भरो आंदोलन में शामिल हुए। 

उन्होंने अफसोस जताया कि आज राजनीति में जातिवाद और भ्रष्टाचार बढ़ गया है, जबकि उनके समय में आंदोलन केवल जनहित और अधिकारों की लड़ाई के लिए था। कार्यक्रम में प्रमुख पूर्णिमा देवी, पूर्व प्रमुख रामस्वरूप पासवान, जिला परिषद सदस्य अभिमन्यु भगत, समाजसेवी शौकत खान सहित कई राजनीतिक और सामाजिक प्रतिनिधि उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि झारखंड आंदोलनकारियों ने अपने संघर्ष और बलिदान से हमें अलग राज्य का तोहफ़ा दिया। आज हमें उनकी नीतियों और आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए। सम्मान समारोह का माहौल भावनात्मक और गरिमामय रहा। स्वतंत्रता दिवस पर झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित करने की यह पहल आमजन के बीच चर्चित रही और उपस्थित लोगों ने इसे सराहनीय कदम बताया।

Post a Comment

0 Comments