झारखंड सरकार भ्र्ष्टाचार की फैक्ट्री बन गयी है, जहां सिर्फ परेशानी ही मिलती है- राजेन्द्र
चौपारण (हजारीबाग): चौपारण प्रखण्ड में झारखंड में बदहाल कानून व्यवस्था और सरकारी योजनाओं में बढ़ते भ्रष्टाचार के खिलाफ भारतीय जनता पार्टी ने जोरदार विरोध दर्ज कराते हुए प्रखण्ड कार्यालय में उपायुक्त हजारीबाग के नाम एक ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर पार्टी नेताओं ने राज्य सरकार पर सीधा हमला करते हुए आरोप लगाया कि पूरे राज्य में अराजकता का माहौल है और आमजन भय और असुरक्षा में जीने को विवश हैं।
ज्ञापन के माध्यम से भाजपा ने कहा कि प्रदेश में हत्या, लूट, बलात्कार और भ्रष्टाचार की घटनाएं दिन-ब-दिन बढ़ती जा रही हैं। कानून व्यवस्था की स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि आम लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। चौपारण प्रखंड की स्थिति का उल्लेख करते हुए कहा गया कि यहां की अधिकांश सरकारी योजनाएं सिर्फ कागजों पर चल रही हैं। भ्रष्ट अधिकारियों और बिचौलियों के गठजोड़ के कारण योजनाओं का लाभ गरीबों तक नहीं पहुंच पा रहा है।
पार्टी ने शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन, पेंशन, सड़क, बिजली और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की बदहाली को लेकर भी गंभीर चिंता व्यक्त की। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि आयुष्मान भारत योजना लगभग बंद पड़ी है और अस्पतालों में न डॉक्टर हैं, न दवाएं, न ऑक्सीजन और न एम्बुलेंस की सुविधा। वृद्ध, विधवा और दिव्यांग पेंशन महीनों से रुकी हुई है, जिससे हजारों लाभार्थी संकट में हैं।
ज्ञापन में सरकार पर जातिवाद और नियुक्तियों में अनियमितता का भी आरोप लगाया गया। भाजपा का कहना है कि राज्य सरकार की नीतियां जनविरोधी हैं और प्रदेश को आर्थिक व सामाजिक रूप से पीछे ले जा रही हैं। पार्टी ने चेतावनी दी कि जब तक सरकार जनता के हित में ईमानदारी से काम नहीं करती, तब तक भाजपा जनांदोलन के माध्यम से अपनी लड़ाई जारी रखेगी।
ज्ञापन सौंपने के दौरान कार्यक्रम प्रभारी सह भाजपा जिला उपाध्यक्ष रमेश ठाकुर,जीप सदस्य आरती कौशल, रामस्वरूप पासवान, मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र चन्द्रवंशी, महामंत्री आशीष सिंह, अरविंद कुमार सिंह, कृष्णा साव, युवा मोर्चा अध्यक्ष रंजन सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता मुकुंद साव, विकास यादव, जानकी यादव, सुनील शेखर, पप्पू रजक, विजय यादव,कैलाश पाण्डेय,बंटी गुप्ता व अशोक केशरी सहित कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
पार्टी नेताओं ने एक स्वर में कहा कि जनता की आवाज को सरकार तक पहुँचाना भाजपा का कर्तव्य है और यदि जरूरत पड़ी तो सड़कों पर उतरकर आंदोलन किया जाएगा।
0 Comments